इंदौर में किसान आंदोलन के समर्थन में 3 घंटे हाईवे जाम, राऊ पिगडंबर रोड पर धरना। कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने वाले किसान फिर आंदोलनरत हो गए। यह आंदोलन दिल्ली से बाहर देशभर में हो रहा है। आंदोलन के समर्थन में हाईवे पर चक्का जाम कर वाहनों को रोकने के लिए किसान सड़क पर आने लगे हैं।
इंदौर में भी बड़ी संख्या में महाराणा प्रताप चौराहा, राऊ पिगडंबर एबी रोड पर किसान हाईवे जाम करने पहुंचे हैं। वे 3 घंटे तक हाईवे पर रहेंगे। किसानों ने कहा है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही रहेगा।
किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा लाए गए किसान विरोधी तीन कानून के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलनरत हैं। आंदोलन के दौरान अब तक 180 किसान शहीद हो गए हैं।
किसान आंदोलन के समर्थन में मध्यप्रदेश के सभी जिलों में किया गया चक्का जाम
लेकिन सरकार किसानों को सुनने के लिए तैयार नहीं है। इसी कड़ी में अब इंदौर में एबी रोड पर भी किसानों द्वारा चक्का जाम किया जा रहा है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रवक्ता आशीष भैरम ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ द्वारा मध्यप्रदेश के सभी जिलों में चक्का जाम किया गया है। महाराणा प्रताप चौराहा, राऊ पिगडंबर एबी रोड पर बड़ी संख्या में किसान जुटे हैं।
महासंघ के संभागीय अध्यक्ष जगदीश सिंह ठाकुर व जिला अध्यक्ष राजकुमार पाटीदार की अगुआई में दोपहर 3 बजे तक एबी रोड पर चक्का जाम है। इसके बाद सक्षम अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की जाएगी। किसानों को जागृत किए जाने की कड़ी में मध्यप्रदेश के हर जिले में महापंचायत का दौर भी शुरू हो गया है।
यह भी पढ़े : राज्यसभा में विपक्ष पर बरसे कृषि मंत्री कहा – ‘खून से खेती’ सिर्फ कांग्रेस कर सकती है, बीजेपी नहीं